आर्ट डायरेक्टर नितिन देसाई ने अपने स्टूडियो में फांसी लगाई

 जानेमाने आर्ट डायरेक्टर नितिन देसाई ने मंगलवार देर रात खुदकुशी कर ली। उनके मैनेजर ने बताया कि मुंबई के नजदीक कर्जत में अपने एनडी स्टूडियो में रात में 3.30 बजे फांसी लगाई। उनकी उम्र 58 साल थी। वे अपना ज्यादातर वक्त इसी स्टूडियो में बिताते थे।

पुलिस सूत्रों ने भास्कर को बताया, देसाई मंगलवार रात 10 बजे अपने कमरे में चले गए थे। आज सुबह काफी देर तक वो बाहर नहीं आए। उनके बॉडी गार्ड और दूसरे लोगों ने दरवाजा खटखटाया। खिड़की से देखा गया तो देसाई का शव पंखे से लटका हुआ था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में पुलिस ने अब तक 10 लोगों का बयान दर्ज किया है।

आत्महत्या की दो वजहें सामने आ रही हैं। एक आर्थिक तंगी, दूसरी मेडिकल प्रॉब्लम। हालांकि, अब तक इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। महाराष्ट्र के विधायक महेश बाल्दी ने आज बताया कि वह आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे। उन्होंने कहा कि उनकी आत्महत्या की ये वजह हो सकती है।